हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। अलग-अलग जगहों से 39 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस टीम ने रेलवे रोड, नहर पटरी मार्ग, नया गांव मार्ग और रामानंद इंस्टीट्यूट मार्ग समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर छापा मारा।
इस दौरान खुले में शराब पीते और बेचते हुए मिले 39 व्यक्तियों को पकड़कर कोतवाली लाया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की है। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल को रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे होने के कारण मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।