निर्माणाधीन मकान में चोरों ने किया हाथ साफ

हरिद्वार। ज्वालापुर के सीतापुर में निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की सामग्री पार कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में रोशनाबाद की डीएम कॉलोनी में रहने वाले जतिन ने बताया कि उनका मकान वार्ड नंबर 59, सीतापुर स्थित खजान सिंह एन्क्लेव, गणेश विहार के पास निर्माणाधीन है।

आरोप है कि 21 मार्च की रात चोर मकान में घुस आए और वहां रखी निर्माण सामग्री चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़ित मौके पर पहुंचे और सामान गायब मिला। इसके बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग सामान ले जाते हुए नजर आए।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *