हरिद्वार। गाजीवाली क्षेत्र में लाठी-डंडों से लैस होकर हुड़दंग मचाने वाले पांच युवकों को श्यामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सोशल मीडिया पर ‘मकड़ा गैंग’ बताकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। श्यामपुर एसओ नितेश शर्मा के अनुसार शनिवार रात को गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिल और कारों के साथ एकत्र होकर झगड़ा-फसाद और हुड़दंग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से सभी को हिरासत में ले लिया।
जांच में सामने आया कि ये युवक एक संगठित समूह की तरह सक्रिय थे और सोशल मीडिया पर इनके कई आपत्तिजनक वीडियो भी पाए गए हैं। पकड़े गए आरोपितों में मोहित, देव, सन्नी, योगेश शर्मा निवासी कांगड़ी और प्रवेश निवासी श्यामपुर शामिल हैं। विधिक कार्रवाई के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।