जेल में बंद कैदी ने लगाया बेटी व उसके दोस्त पर बीमा पॉलिसियों के 29.33 लाख हड़पने का आरोप, केस दर्ज

हरिद्वार।  जिला कारागार रोशनाबाद में बंद एक कैदी ने अपनी बेटी और उसके मित्र पर बीमा पॉलिसियों की करीब 29.33 लाख रुपये की धनराशि धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के मुताबिक सेक्टर बीएचईएल रानीपुर निवासी अरुण वालिया पुत्र मोहन लाल वालिया ने शिकायत कर बताया कि वह वर्तमान में जिला कारागार रोशनाबाद में है।

कहा है कि बीएचईएल से सेवानिवृत्ति के दौरान उन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम की चार पॉलिसियों में लगभग 32.20 लाख रुपये जमा किए थे।आरोप है कि उनकी पुत्री मुस्कान वालिया और उसके मित्र हिमांशु ने उनकी पत्नी अनुराधा वालिया के साथ मिलकर साजिश रची और उन्हें एक आपराधिक मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने के बाद बीमा पॉलिसियों की रकम निकाल ली।

अप्रैल से जुलाई 2022 के बीच विभिन्न यूपीआई और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से लाखों रुपये अपने तथा रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किए गए। दावा है कि हिमांशु के खाते में विभिन्न किश्तों में कुल 5.08 लाख रुपये और मुस्कान वालिया द्वारा रिश्तेदारों एवं परिचितों को लगभग 24.25 लाख रुपये स्थानांतरित किए गए। करीब 29.33 लाख रुपये की धनराशि कथित रूप से हड़प ली गई।

बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 और 2026 में पुलिस अधिकारियों को शिकायतें भेजीं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने न्यायालय की शरण ली। जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *