हरिद्वार। ऊर्जा निगम ने सोमवार को सराय क्षेत्र में चार घंटे तक की बिजली कटौती की। मरम्मत काम के लिए सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस दौरान क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी को बड़ी दिक्कत उठानी पड़ी। दिन में लोगों का कारोबार प्रभावित रहा। वहीं मंगलवार को भी क्षेत्र के लोगों को बिजली सप्लाई बाधित होने से जूझना पड़ेगा। सोमवार को ऊर्जा निगम ने उपसंस्थान ट्रांसपोर्ट नगर से पोषित फीडर सराय क्षेत्र में कवर्ड कंडक्टर तारों को बदलने का काम किया।
मरम्मत काम के लिए सुबह 10 बजे बिजली कटौती हुई। काम पूरा होने के बाद दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति चालू हो सकी।चार घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित होने से सराय, राज लोक कॉलोनी, हरिलोक कॉलोनी, गायत्री विहार, दक्ष एनक्लेव, संदेश विहार, रतन विहार, शांति विहार, रुकमणि गार्डेन, इक्कड़ खुर्द, इक्कड़ कलां, सराय, गायत्री विहार आदि क्षेत्र में लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी।
दिन में महिलाओं के घरेलू काम अधूरे रहे। लोगों को चार घंटे की बिजली कटौती से जूझना पड़ा। वहीं ईई रवि कुमार ने बताया कि मरम्मत काम के लिए बिजली सप्लाई को बंद किया गया था। दोपहर के समय काम पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति को सुचारू कर दिया जाएगा। लोगों को कटौती की सूचना पूर्ण उपलब्ध कराई गई है। बताया कि मंगलवार को भी दिन में चार घंटे की बिजली कटौती मरम्मत काम के लिए की जाएगी।