हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है। रामधाम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय सुहानी 26 जुलाई को लापता हुई थी। अगले दिन उसका शव पथरी पावर हाउस के बैराज से बरामद हुआ था। युवती के परिजनों ने बताया था कि सुहानी ने इसी साल 25 जून को परिवार की मर्जी के खिलाफ ब्रह्मपुरी रावली महदूद निवासी अजय से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
जांच में सामने आया कि गर्भवती होने के बाद अजय उस पर अपनी इच्छा के अनुसार काम करने का दबाव बनाता था। साथ ही गर्भावस्था की बात मोहल्ले में बताकर बदनाम करने की धमकी देता था। मानसिक दबाव के चलते सुहानी ने 26 जुलाई को बहादराबाद में लाल पुल के पास नहर में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने 13 अगस्त को गुमशुदगी के मामले को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में तरमीम किया। एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी अजय को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।