हरिद्वार। थाना कनखल क्षेत्र में हुए जमीनी लेनदेन के विवाद के बीच अमरदीप चौधरी की गोलियों से भूनकर हत्या करने के आरोपी पिता-पुत्रों को कनखल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए हैं। सोमवार दोपहर बाद पुलिस सुरक्षा के बीच अमरदीप का कनखल के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।पुलिस के अनुसार अमरदीप चौधरी निवासी शांतिपुरम कालोनी अपने परिचित राजकुमार मलिक निवासी निकट ओलिविया स्कूल जगजीतपुर के स्थित घर पहुँचा था। रविवार देर रात मोबाइल फोन पर हुई तना तानी के बाद अमरदीप चौधरी अपने करीबी युवक सोनू राठी के साथ ओलीविया स्कूल के पास राजकुमार मलिक से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए वाद विवाद के बाद राजकुमार मलिक, उसके बेटे मनदीप उर्फ गोली एवं हर्षदीप ने देसी तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर कर अमरदीप चौधरी की हत्या कर दी थी।गोलीबारी में अमरदीप चौधरी को कई गोलियां लगीं, जबकि उसके साथी सोनू राठी को गोली छूकर निकल गई। आरोप है कि घायल सोनू राठी की सूचना पर पहुंचे अमरदीप के छोटे भाई बादल चौधरी पर भी पिता-पुत्रों ने फायरिंग कर दी। एक गोली बादल चौधरी की कमर में जा लगी। गोलियां चलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई।इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस जाँच में जुटी हुई है।आरोपियों को कल न्यायालय समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।