जम्मू-कश्मीर से भागे दो नाबालिग छात्रों को हरिद्वार पुलिस ने मिलाया परिजनों से

हरिद्वार। जम्मू-कश्मीर से भागकर हरिद्वार पहुंचे दो नाबालिग छात्रों को पुलिस ने उनके परिजनों से मिला दिया। कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान के बीच ठिठुरते मिले इन बच्चों को पुलिस ने न सिर्फ रेस्क्यू किया, बल्कि सही मार्गदर्शन भी दिलाया। ऑपरेशन स्माइल के तहत एसएसपी के निर्देश पर गठित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र से 11 और आठ वर्ष के दो बालकों को बरामद किया।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे पढ़ाई के दबाव के चलते 15 जनवरी की शाम जम्मू स्थित हॉस्टल से निकल गए थे और ट्रेन के जरिए हरिद्वार पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद बाल कल्याण समिति में काउंसलिंग कराई। इसके बाद कनखल आश्रय गृह में संरक्षण दिलवाया। इसके साथ ही परिजनों की तलाश शुरू की। शनिवार को परिजन पुलिस कार्यालय रोशनाबाद पहुंचे, जहां एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेंद्र मेहरा और एएसपी-सदर निशा यादव की मौजूदगी में दोनों बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *