हिंदी पत्रकारिता भारत की आत्मा की आवाज़ : राज्यपाल

हरिद्वार। प्रेस क्लब द्वारा हिन्दी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह कार्यक्रम देवपुरा चौक स्थित भारत सेवाश्रम संघ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यपाल ले ज. (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्य वक्ता पीटीआई संपादक निर्मल पाठक, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव दीपक मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि पत्रकार का संकल्प अगले 200 वर्ष के लिए होना चाहिए। अंग्रेजों ने हिंदी भाषा को दबाया। अत्याचार किए। उसी हिंदी की पत्रकारिता ने आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि हिंदी में आत्मा बोलती है। संस्कृत और हिंदी का समय आ गया है। हिंदी पत्रकारिता का सम्मान करें और राष्ट्र की दिशा, विचार पत्रकारिता से बदलेगी। जब लोकतंत्र डगमगाएगा तो हिंदी पत्रकारिता संभालेगी। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता भारत की आत्मा की आवाज़ है जो सत्य बोलती है। राज्यपाल ने कहा कि प्रेस क्लब को पत्रकारों के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। तीन महीने में संकल्प पत्र तैयार किया जाए। पत्रकारों को संगठित होना चाहिए और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, उनकी पढ़ाई के लिए अलग से कोचिंग सेंटर खुलने चाहिए।

जो समाज सभी को जगाने का कार्य करता है उसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। पत्रकारिता समाज की आत्मा का दर्पण है। मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी को स्वच्छ रखना सभी का कर्त्तव्य है। बनारस, अयोध्या और अमृतसर आदि में अभियान चलाया गया वैसा ही हरिद्वार और ऋषिकेश में भी चलना चाहिए। इसके लिए सभी सरकार का साथ दें और संकल्प लें। जगह-जगह कूड़े के पहाड़ दिखते हैं। इनको साफ करना बहुत जरूरी है। पीटीआई संपादक निर्मल पाठक ने कहा कि सबसे पहला हिंदी समाचार पत्र उदंड मार्तंड जुगल किशोर ने 30 मई 1826 में कोलकत्ता से प्रकाशित किया था।

यह 8 दिसंबर 1826 को बंद हो गया था। आजादी की लड़ाई में हिंदी पत्रकारिता की अहम भूमिका रही। आजादी के बाद हिंदी पत्रकारिता ने संविधान को लोगों तक पहुंचाया। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद, स्वामी कमलदास, उत्तराखंड संस्कृत विवि के कुलपति मधुकांत, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, सुनील बत्रा, संतोष चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पार्षद भूपेंद्र कुमार, विमल कुमार, अंजू द्विवेदी, राव आफाक, सुनील दत्त पांडे, संजय आर्य, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, हिमांशु द्विवेदी और शिवशंकर जायसवाल आदि पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *