हरिद्वार। ऊर्जा निगम की बकायदारों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई जारी है। बुधवार को निगम ने उपकेंद्र ज्वालापुर की प्रथम और द्वितीय सब डिवीजन में 70 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इस दौरान मौके पर बकायदारों से 11 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। ऊर्जा निगम के बकायेदारों की सूची बड़ी है। आग्रह के बाद भी लोग अपना बकाया बिल का भुगतान निगम को नहीं कर रहे हैं। बुधवार को अवर अभियंता मुकेश रवि और अक्षय चौहान के नेतृत्व में ज्वालापुर के दोनों सब डिवीजन में बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया गया।
इस दौरान बकायेदार उपभोक्ताओं ने प्रथम सब डिवीजन में छह लाख रुपये और द्वितीय सब डिवीजन में पांच लाख रुपये नकद जमा कराए। अभियान के तहत अधिकारियों ने 70 बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काट कर मीटर जब्त कर लिए। इन उपभोक्ताओं के बकाया रकम जमा करने बाद ही बिजली की सप्लाई चालू की जाएगी। ईई रवि कुमार ने बताया कि मार्च माह तक वसूली अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से बकाया बिजली बिल जमा करने की अपील की।
कहा कि बिल की राशि जमा नहीं करने पर राजस्व विभाग लोगों को आरसी जारी कर बकाया रकम वसूल करेगा। अभियान के दौरान मनोज कुमार टांक, श्रवण कुमार गिरी, सुशील कुमार, फरमान राव, संजय चौहान, अतुल कुमार, अजमल अंसारी आदि शामिल रहे।