चारधाम यात्रा से पहले पूरे हों निर्माण कार्य, हिल बाईपास से मलबा जल्दी हटाओ

हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को हिल बाईपास मार्ग और मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं। डीएम ने हिल बाईपास मार्ग पर पड़े मलबे को जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग गुजरते हैं। रास्ते को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्लाइडिंग जोन का भी जायजा लिया। वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव रोकने के लिए बांस और घास लगाने के लिए कहा गया ताकि भविष्य में भूस्खलन की आशंका को कम किया जा सके।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए। उन्होंने मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने के साथ प्रवेश द्वार के आसपास दोपहिया वाहन खड़े न होने देने के निर्देश भी दिए ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता, राजाजी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल, अपर सहायक अभियंता सुनील कुमार, प्रवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *