शिवालिकनगर के वार्ड 12 में 1.08 करोड़ की पेयजल योजना स्वीकृत

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के शिवालिक नगर पालिका स्थित वार्ड 12 में पेयजल समस्या के समाधान के लिए करीब 1.08 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना को स्वीकृति मिल गई है। योजना के तहत एक ट्यूबवेल और पानी की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा। बुधवार को रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने बताया कि शिवालिक नगर वार्ड 12 के अंतर्गत कृपालनगर और आसपास की कॉलोनियों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी।

सिडकुल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण यहां तेजी से नई कॉलोनियों का विकास हुआ है, जिससे पानी की मांग भी बढ़ी है। इसे देखते हुए क्षेत्र के लिए नई पेयजल योजना प्रस्तावित की गई थी, जिसे अब शासन से स्वीकृति मिल गई है और शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्य पहले जायका योजना में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे अलग कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत ट्यूबवेल स्थापित करने के साथ ही नई पानी की लाइनों का निर्माण कराया जाएगा।

विधायक आदेश चौहान ने योजना की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। इस पेयजल योजना से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों के अनुरूप क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता हर घर तक शुद्ध और पीने योग्य पानी पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *