हरिद्वार। डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करते पाए जाने पर एजेंसी या उस व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।
जिलेभर में गैस सिलेंडरों की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीएम मयूर दीक्षित ने रविवार को आपदा कंट्रोल रूम में गैस एजेंसियों और अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति पारदर्शी और नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।
उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के जरिये ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनको गैस एजेंसी पर अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े। उन्होंने लंबित बैकलॉग को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस बैठक में सीडीओ ललित नारायण मिश्र, एडीएम पीआर चौहान, एसपी-क्राइम निशा यादव सहित विभिन्न विभागों के अफसर और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।