हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में शनिवार रात गंगा में नहाते समय एक युवक बह गया, जबकि उसके दोस्त पास ही खड़े होकर वीडियो बनाते रहे। बाद में जब उनको युवक के बहने का अहसास हुआ तो सबके होश उड़ गए। सूचना के बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक युवक का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय उत्सव जौहरी पुत्र अजय जौहरी निवासी के-1017 सेक्टर-23 संजयनगर गाजियाबाद शनिवार को चार दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था।
बताया जा रहा कि रात के समय सभी युवक हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट के पास गंगा में नहा रहे थे। इसी बीच, उत्सव ने रेलिंग से गंगा में छलांग लगाई। तेज बहाव में वो खुद को संभाल नहीं पाया और बहता चला गया। इधर, पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार युवक की तलाश कर रही हैं। आसपास के गंगाघाट पर भी अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन, अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरलअबका एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा कि युवक के साथ आए दोस्तों ने ही यह वीडियो बनाया था, लेकिन तब किसी को अंदाजा नहीं था कि उत्सव गंगा में बह रहा है। बाद में स्थिति का पता चलने पर सभी घबरा गए और पुलिस को सूचना दी गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने सुभाष घाट के पास रेलिंग से गंगा में छलांग लगाई थी। आशंका है कि छलांग लगाते समय उसे चोट लगी होगी, जिससे वह संभल नहीं पाया और बह गया। सर्च अभियान जारी है।-संजीत कंडारी, चौकी प्रभारी-हरकी पैड़ी