धर्मनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बाजारों में बढ़ी रौनक

हरिद्वार। धर्मनगरी में रविवार को श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु डुबकी लगाते नजर आए। धार्मिक माहौल के बीच पूरे दिन गंगाघाट पर रौनक बनी रही। बड़ा बाजार, अपर रोड और मोती बाजार में भी श्रद्धालुओं की चहल-पहल नजर आई।

लोग पूजा सामग्री की खरीदारी करते दिखे। बाजारों में बढ़ी भीड़ से व्यापारियों, दुकानदारों और होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे। व्यापारी संजय ने बताया कि रविवार को अच्छी बिक्री हुई। होटल व्यवसायी अमित शर्मा के अनुसार, वीकेंड पर होटलों के अधिकतर कमरे बुक रहे।

हरकी पैड़ी के पास प्रसाद विक्रेता प्रकाश ने बताया कि रविवार की भीड़ को देखकर लग रहा है कि इस बार गर्मी के सीजन में अच्छी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। मोती बाजार के भुवनेश पांडेय ने भी बताया कि दिनभर दुकानदारी अच्छी रही। दूसरी ओर, हरकी पैड़ी के पास स्थित पंडित दीनदयाल पार्किंग चौपहिया वाहनों से खचाखच भरी रही। सर्विस लेन पर वाहनों की लंबी कतारें दिखीं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *