कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, सड़कों-पार्किंग से लेकर अतिक्रमण हटाने के आदेश

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को कुंभ क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखीं। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। कांवड़ पटरी मार्ग की सफाई और सुधार कार्यों को प्राथमिकता में रखने को कहा। उन्होंने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने के सख्त आदेश दिए।

हरकी पैड़ी से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने पुल जटवाड़ा, बहादराबाद, कांवड़ पटरी मार्ग और बाईपास रोड तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा ज्वालापुर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, सर्वानंद घाट और लालजीवाला क्षेत्र के आंतरिक मार्गों की स्थिति भी देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी कार्यों की आवश्यकता है, वहां तुरंत आकलन कर काम शुरू किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित किया जाए और अस्थायी पार्किंग में जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। भीड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़कों और चौराहों के सुधार के साथ पर्याप्त पार्किंग विकसित करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने दोहराया कि कुंभ मेले को व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *