हरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान ने मंगलवार को शारदा नगर और टिबड़ी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य किया। मरम्मत कार्य के चलते दोनों क्षेत्रों में करीब 12 घंटे तक जलापूर्ति बाधित रही, जिससे लगभग 20 हजार की आबादी प्रभावित हुई। पानी की सप्लाई बंद रहने से लोगों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जल संस्थान की टीम ने सुबह करीब 10 बजे मरम्मत कार्य शुरू करने के लिए पानी की सप्लाई बंद कर दी थी। दोनों स्थानों पर पाइपलाइन को वेल्डिंग के जरिए इंटर कनेक्शन किया गया। इस कार्य के लिए आसपास के पांच पंपिंग स्टेशनों को भी बंद रखना पड़ा।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शाम करीब पांच बजे पंपिंग स्टेशन चालू किए गए, लेकिन विभिन्न इलाकों में नियमित जलापूर्ति बहाल होने में देर रात तक का समय लग गया। इस कारण कुल मिलाकर करीब 12 घंटे तक लोग पानी की समस्या से जूझते रहे। जलापूर्ति प्रभावित होने से शारदा नगर, शिव विहार, लाल मंदिर, खन्ना नगर, शंकर आश्रम, मीना एनक्लेव, विवेक विहार, मॉडल कॉलोनी, शिवलोक कॉलोनी और टिबड़ी समेत कई क्षेत्रों में लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित रहे।