हरिद्वार। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों के शिकार के मामले में मुख्य आरोपी आमिर हमजा अब भी वन विभाग और पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। हालांकि अब तक उसने कोर्ट में सरेंडर नहीं किया है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मालूम हो कि 18 मई को हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के सजनपुर बीट क्षेत्र में वन विभाग को दो बाघों के अवशेष बरामद हुए थे। जांच में शिकार की पुष्टि होने के बाद वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की थी। मामले में वन गुज्जर समुदाय से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए थे। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से बाघों के अंग और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए थे। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां पहले भी वन्यजीव तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि मामले में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है।