हरिद्वार हाईवे पर वीकेंड से पहले ही रेंगते रहे वाहन

हरिद्वार। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ अब हरिद्वार की यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर हालात बेहद चिंताजनक नजर आए। रोड़ी बेलवाला चौकी के पास बने फुट ओवर ब्रिज से लेकर केबल पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हाईवे पर गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलती दिखीं और यात्रियों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। स्थिति इतनी विकट हो गई कि जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई।

सायरन बजने के बावजूद एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका। हालांकि वाहन चालक लगातार साइड देने की कोशिश करते रहे, लेकिन वाहनों की अत्यधिक भीड़ के चलते एंबुलेंस चालक चाहकर भी वाहन को गति नहीं दे पाया। यातायात को नियंत्रित करने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस लगातार मोर्चा संभाले रही, लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी भीड़ के आगे व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं।

शहर के भीतर लागू की गई वन-वे व्यवस्था: जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के अंदर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी है। वाल्मीकि चौक से चंडीघाट तक मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। दरअसल, मकर वाहिनी मंदिर के पास बने पुल से पोस्ट ऑफिस की ओर जाने वाले वाहनों के कारण अक्सर भारी जाम लग जाता था। इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बिरला घाट से वाल्मीकि चौक तक बैरिकेडिंग कर सड़क पर अस्थायी डिवाइडर बनाया और इस मार्ग को वन-वे घोषित कर दिया। प्रशासन का दावा है कि इससे यातायात सुचारु होगा और राहगीरों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *