कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी ने किया ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और घाटों का निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक और विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और होल्डिंग एरिया को बेहतर बनाने, दूसरी ओर से प्रवेश मार्ग विकसित करने और एक के स्थान पर तीन निकासी द्वार बनाने के निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले में ज्वालापुर रेलवे स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र रहेगा, इसलिए स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों से ट्रेनों के संचालन, बोर्डिंग और डिबोर्डिंग व्यवस्था समेत सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत कार्ययोजना मेला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने स्टेशन परिसर में पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं स्टेशन के बाहर झूलते विद्युत तारों को हटाने के लिए यूपीसीएल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इसके बाद सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक, समीपवर्ती घाटों और मायापुर रेगुलेटर से गुजरने वाले नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षित स्नान और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। निरीक्षण में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेंद्र सिंह, सीओ जीआरपी अनुज सिंह सहित रेलवे और मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *