हरिद्वार। ज्वालापुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व महासचिव वरुण बालियान के नेतृत्व में ज्वालापुर बिजलीघर का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग भी की। कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ तो डाल दिया, लेकिन सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर ने कहा कि बिजली कटौती के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारी वर्ग और विद्यार्थियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन के दौरान ज्वालापुर पूर्व नगर अध्यक्ष अंकित चौहान, पार्षद सुनील कुमार, लाली, इदरीस मंसूरी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्य चौहान, युवा कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष मयंक त्यागी, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, प्रदेश महासचिव एससी विभाग अमित कुमार, शौकत, ऋशभ वशिष्ठ, अयान सैफी, अज्जू, हिमांशु राजपूत, विवेक जगारिया, इलयास इम्मी, जावेद, बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।