पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस निकालेगी झोटा-बुग्गी यात्रा

हरिद्वार।  पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस हरिद्वार के बैनर तले रविवार को चंद्राचार्य चौक से वाल्मीकि चौक तक शाम चार बजे झोटा-बुग्गी यात्रा निकाली जाएगी। इसे सफल बनाने के लिए ऋषिकुल स्थित कार्यालय में युवा कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और पूर्व प्रदेश महासचिव सागर बेनीवाल ने कहा कि डीजल-पेट्रोल के लगातार बढ़ते दामों से महंगाई चरम पर पहुंच गई है। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ती है, जिसका असर सब्जियों, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का पूरा बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने लोगों से यात्रा में शामिल होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की। बैठक में समीर अंसारी, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष सौरभ सैनी, संजय राणा, राहुल चौहान, जवाहर चावला, मोहित कुकेजा, शिवम वाल्मीकि, राजू चित्कारा और राजबीर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *