हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में डेन्सो चौक के पास स्थित कबाड़ी के गोदाम में रविवार को भीषण आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सिडकुल-बहादराबाद रोड स्थित डेन्सो चौक के पास एक स्क्रैप गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सिडकुल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया। अग्निशमन कर्मियों ने पुलिस बल के सहयोग से करीब दो घंटे तक प्रयास कर आग पर बमुश्किल काबू पाया।
गोदाम मांगेराम निवासी शिव विहार कॉलोनी बहादराबाद का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गोदाम मालिक ने बताया कि आग से हुए नुकसान का अभी आकलन नहीं किया जा सका है। थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।