हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के गुगाल रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो से चोर महंगा कैमरा, लेंस और फ्लैश चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि वह दुकान बंद कर कुछ समय के लिए बाजार गया था। लौटने पर दुकान के अंदर रखा फोटोग्राफी का सामान गायब मिला। मंगलवार को पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी के मुताबिक गुगाल रोड, पांडेवाला, ज्वालापुर निवासी मनोज वर्मा पुत्र शिव कुमार वर्मा ने शिकायत कर बताया कि उसकी गुगाल रोड, पांडेवाला में उनकी फोटो स्टूडियो की दुकान है। नौ जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे वह दुकान के शीशे वाले लॉक को बंद कर किसी काम से बाजार चले गए थे।
कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो वहां रखा कैनन छह डी मार्क- टू कैमरा, लेंस और दो फ्लैश गायब मिले।
कीमत करीब एक लाख रुपये की बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।