बहादराबाद में चार घंटे की बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल किया

हरिद्वार। ऊर्जा निगम ने मंगलवार को बहादराबाद क्षेत्र में चार घंटे की बिजली कटौती की। इस दौरान क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी। बिजली सप्लाई बाधित होने के बाद दिन में लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो गए। मरम्मत काम के लिए बिजली सप्लाई को बंद किया गया था। मंगलवार को ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने उपसंस्थान बहादराबाद के आरएल फीडर क्षेत्र में विद्युत तारों को बदलने का काम किया।

इस दौरान सुबह 10 बजे फीडर से बिजली की सप्लाई बंद की गई। मरम्मत होने के बाद दोपहर दो बजे तक फीडर से बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। कटौती की वजह से बोंगला, रोहालकी, अलीपुर, इब्राहिमपुर आदि क्षेत्रों में लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली सप्लाई बाधित होने के बाद लोगों का कामकाज प्रभावित हो गया। साथ ही महिलाओं को भी घरेलू काम पूरा करने में बड़ी दिक्कत उठानी पड़ी।

कटौती की वजह से क्षेत्र में लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा। दिन में लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ी। हालांकि ऊर्जा निगम ने लोगों को कटौती की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई थी। ईई रवि कुमार ने बताया कि मरम्मत के काम के लिए मंगलवार को आरएल फीडर बंद रहा। दोपहर के बाद क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू हो गई थी। बताया कि 24 जुलाई तक मरम्मत के काम जारी रहेंगे।

आज भरत सिंह फीडर, कल रोशनाबाद बंद रहेगा ईई ने बताया कि बुधवार को उपसंस्थान बहादराबाद का भरत सिं फीडर मरम्मत के काम के लिए बंद रहेगा। इस दौरान चार घंटे बिजली की सप्लाई बाधित रहेगा। बताया कि गुरुवार को रोशनाबाद फीडर पर मरम्मत के काम होंगे। रोशनाबाद फीडर भी दिन में चार घंटे बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *