तीन गांव के 17 घरों में छापेमारी के दौरान बिजली चोरी पकड़ी

हरिद्वार। ऊर्जा निगम ने जगजीतपुर क्षेत्र के तीन गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 17 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। सभी के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। ऊर्जा निगम ने बुधवार को जगजीतपुर सबडिवीजन के कटारपुर, फेरुपुर और इक्कड़ खुर्द गांव में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया और बिजली चोरी पकड़ी। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ अमित तोमर के नेतृत्व में चली कार्रवाई में घरेलू परिसरों की जांच की गई।

जांच के दौरान बिजली चोरी की पुष्टि होने पर सभी के खिलाफ मौके पर आवश्यक कार्रवाई की गई। ऊर्जा निगम ने 17 आरोपियों पर जुर्माने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ संबंधित थाने में भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमे भी दर्ज करा दिए हैं। एसडीओ अमित तोमर ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में जेई वरुण प्रताप, जेई प्रीति जिंटा सहित ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *