हरिद्वार। धर्मनगरी में सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे। इसके बाद तेज धूप निकल गई। तपती धूप ने दिन में गर्मी का अहसास बढ़ा दिया। दोपहर के समय हवा नहीं चलने से मौसम में उमस बन गई। इस दौरान उमस में लोग बेहाल हो गए। बावजूद इसके बुधवार को अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा था।बुधवार को तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में गर्मी का अहसास बना रहा। दोपहर के समय उमस और धूप की तपिश ने आवाजाही में लोगों को परेशान किया।
हालांकि शाम के समय गर्मी कम रही। लेकिन सुबह से शाम तक लोग गर्मी और उमस से जूझते रहे। रात के समय भी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। उधर मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम ज्यादातर बादल वाला रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने 18 और 19 जुलाई का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विभाग ने आंधी तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करी है।