हरिद्वार। रोशनाबाद निवासी युवक ने पत्नी के परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट, गला दबाकर हत्या का प्रयास, पत्नी के अपहरण, नकदी और जेवरात लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र में सूर्यनगर कॉलोनी, रोशनाबाद निवासी छोटू लाल ने बताया कि उसने 29 नवंबर 2025 को नेता पुत्री भोलाराम, निवासी कंटालिया पाली, सोजत रोड, थाना बगड़ी नगर, तहसील मारवाड़ जंक्शन, जिला पाली राजस्थान से उसकी इच्छा के अनुसार हरिद्वार में हिंदू रीति-रिवाज से प्रेम विवाह किया था।
आरोप है कि पत्नी के परिजन इस शादी से नाराज थे। युवक का कहना है कि 25 दिसंबर 2025 को दिनेश, मुकेश, सुरेश और धर्माराम उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मोबाइल फोन व घरेलू सामान तोड़ दिया। अगले दिन 26 दिसंबर की तड़के करीब तीन बजे राजूराम, दिनेश, पपू देवी और राजूदेवी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी आठ लोगों ने मिलकर दंपति के साथ मारपीट की और छोटू लाल का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसकी पत्नी को जबरन बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि जाते समय घर में रखे सोने के जेवरात, करीब एक लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान भी अपने साथ ले गए। जान से मारने की धमकी दी। एसओ अजय शाह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।-