हरकी पौड़ी से कांवड़ लेकर ऋषिकेश रवाना हुए तेजस्वी सूर्या, बोले- दुनिया की सबसे बड़ी युवा आस्था यात्रा है कांवड़

हरिद्वार। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर हर की पौड़ी पर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पवित्र गंगाजल भरा। इसके बाद वह कांवड़ लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

इस दौरान हर की पौड़ी क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कांवड़ यात्रा दुनिया की सबसे बड़ी युवा भागीदारी वाली आस्था यात्रा है। इसमें करोड़ों श्रद्धालु बिना किसी औपचारिक आयोजन या शुल्क के केवल श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के भाव से शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत से होने के बावजूद कई वर्षों से उनके मन में कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनने की इच्छा थी, जो इस सावन में भगवान भोलेनाथ की कृपा से पूरी हुई।

उन्होंने कहा कि वह हरिद्वार किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि एक सामान्य शिवभक्त के रूप में कांवड़ यात्रा में सहभागी बनने आए हैं। उन्होंने देशभर के युवाओं से सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जुड़ने का आह्वान भी किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, रोहन सहगल, रविदेव शास्त्री, शिवम महंत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *