हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के संत बाहुल्य क्षेत्र में सप्तऋषि लिंक मार्ग पर करीब दो साल से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा पानी सड़क पर बहने के साथ सप्तसरोवर मार्ग तिराहे के पास जमा हो रहा है। महत्वपूर्ण मार्ग होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। सड़क पर गंदा पानी और दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मामले का संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सीवर की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से श्रद्धालु और ग्राहक दुकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने से भी कतराते हैं। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों के अनुसार सीवर का पानी जमा होने से सुबह-शाम क्षेत्र में तेज दुर्गंध रहती है। जिस स्थान पर गंदा पानी जमा होता है, उसके पास ही विद्यालय भी स्थित है। इससे विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।
गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है और लोगों को पैदल आवाजाही में भी दिक्कत होती है। मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले का निरीक्षण कर सीवर निकासी की स्थिति जांचने के निर्देश दिए जाएंगे। समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।