हरिद्वार। आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए अब हरिद्वार जिले के लोगों को देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया है। गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराया और लोगों से आधार संबंधी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर लेने की अपील की। मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत डिजिटल उत्तराखंड और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को समय और धन की बचत होगी।
उन्होंने अभिभावकों से 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) समय पर कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि यूआईडीएआई की ओर से 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। यह अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। केंद्र में आधार नामांकन, मोबाइल नंबर, फोटो और पता अपडेट, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण समेत प्रमुख आधार सेवाएं उपलब्ध होंगी। यूआईडीएआई के निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि आधार सेवा केंद्र सीधे यूआईडीएआई की ओर से संचालित किया जाता है। केंद्र को निवासी अनुकूल बनाया गया है। यहां व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम्य शौचालय और शिकायत निवारण की व्यवस्था की गई है।
केंद्र आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर केंद्र सप्ताह के सभी दिन संचालित रहेगा। प्रत्येक केंद्र का प्रबंधन यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र प्रबंधक करेगा, जो लोगों की शिकायतें प्राप्त कर उनके समयबद्ध समाधान की व्यवस्था करेगा। लोग यूआईडीएआई के अपॉइंटमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन समय भी ले सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, यूआईडीएआई के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, एस्टेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेंद्र सिंह, सत्यपाल चौहान समेत यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के अधिकारी, कर्मचारी, सेवा प्रदाता कंपनी बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।