शिक्षक सिर्फ पढ़ाता ही नहीं, समाज और राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ता है: मदन कौशिक

हरिद्वार। शिक्षक दिवस पर बहादराबाद में आयोजित जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा की बदलती तस्वीर और शिक्षक की बढ़ती जिम्मेदारियों पर मंथन हुआ। उत्कृष्ट शिक्षकों और विद्यालयों के सम्मान के बीच कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण भी करता है। मदन कौशिक ने कहा कि डिजिटल दौर में शिक्षक की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रप्रेम देना भी शिक्षक की जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्राथमिक शिक्षा को बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का मार्गदर्शन से ही देश के युवा देश को प्रगति के पथ पर ले जाते हैं। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकारी विद्यालयों में शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों में रटने के बजाय सोचने, समझने और सवाल पूछने की क्षमता विकसित करनी होगी। कार्यक्रम में जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान, कोषाध्यक्ष अरविंद आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *