कुंभ मेला कार्यों में गुणवत्ता व समयसीमा से समझौता नहीं: मेलाधिकारी

हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्धता और गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कार्य में देरी या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सड़कों, पुलों, घाटों तथा अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मेलाधिकारी ने पेयजल, सीवर लाइन और भूमिगत केबलिंग के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा गुणवत्ता का लिखित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क नवीनीकरण शुरू होने से पहले सभी भूमिगत कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि दोबारा सड़क न खोदनी पड़े।सोनिका ने निर्देश दिए कि कुंभ मेला संपन्न होने तक सीवरेज योजना के नए कार्य शुरू न किए जाएं।

वहीं, रुके हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कर प्रभावित सड़कों को दुरुस्त किया जाए। सप्तऋषि क्षेत्र में जलनिकासी, सड़क सुधार और फायर हाइड्रेंट के कार्य भी तेजी से पूरे करने को कहा गया। उन्होंने रुड़की व मंगलौर बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण तथा अस्थायी बस अड्डों और पार्किंग की व्यवस्थाएं 15 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *