हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया था कि रानीपुर रो नदी के पास चार अज्ञात आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया।
शिकायत के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस ने नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 सितंबर को देहरादून के रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वह हरिद्वार आए थे। अगले दिन पैसों की कमी के चलते उन्होंने बाइक सवार से लूट की। वहीं एसओ अजय शाह ने बताया कि दो फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ दिलीप कुमार 21 वर्ष निवासी ग्राम खागा फतेहपुर सीकरी यूपी, हाल निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर और आकाश उर्फ पहाड़ी 26 वर्ष पुत्र अनिल निवासी पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेजा गया है।