आंधी-ओलावृष्टि से नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा दिलाएं: डीएम

हरिद्वार।  जिले में शुक्रवार सुबह आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से हुए नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही पेड़ गिरने से अवरुद्ध हुए सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खुलवाकर यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।

कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है।इससे कुछ जगहों पर आवागमन बाधित हुआ है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें बंद हुई हैं, वहां तत्काल पेड़ों को हटवाकर आवाजाही बहाल की जाए। क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए। जरूरत के अनुसार सुरक्षा और बचाव के उपाय भी किए जाएं, ताकि आमजन को परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को फसलों की क्षति का गंभीरता से सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार पात्र किसानों को मुआवजा और राहत दिलाने के लिए कार्रवाई की जाए। फसल नुकसान के आकलन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *