पीठ बाजारों में पॉलीथिन पर रोक, कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग जोन चिन्हित करने के आदेश

हरिद्वार।  ग्राम पंचायतों और पीठ बाजारों में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को छह ग्राम पंचायतों के प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीठ बाजारों में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। एनआईसी सभागार में हुई बैठक में रावली महदूद, सुल्तानपुर मंजरी, अत्मलपुर बोंगला, खेड़ली, दादूपुर गोविंदपुर और सलेमपुर महदूद ग्राम पंचायतों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों की गलियों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और नालियों की नियमित सफाई कराई जाए। कहीं भी कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता अभियान की आवश्यकता: उन्होंने कहा कि केवल स्वच्छता अभियान चलाने से व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, बल्कि नियमित सफाई को ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना होगा। कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग जोन बनाए जाने को भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दिए। बैठक में बहादराबाद और बीएचईएल क्षेत्र में लगने वाले पीठ बाजारों की सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाजार लगने से पहले, बाजार के दौरान और बाजार समाप्त होने के बाद सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बाजार समाप्त होते ही पूरे क्षेत्र की सफाई कराकर कूड़े का उचित निस्तारण किया जाए। इसके लिए जिला पंचायत और बीएचईएल के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन या नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है। ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, दुकानदार और आम नागरिकों की सहभागिता से ही गांवों और बाजार क्षेत्रों को स्वच्छ रखा जा सकता है।

अधिकारियों को ग्राम पंचायतों और बाजार क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा सफाई व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, नगर प्रशासक बीएचईएल अतुल सचान, बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, आरएम सिडकुल कमल किशोर, कर अधिकारी सतीश चंद, ग्राम प्रधान रावली महदूद प्रमोद प्रधान समेत संबंधित ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दुकानदारों और व्यापारियों को जागरूक करना
जिलाधिकारी ने पीठ बाजारों में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। दुकानदारों और व्यापारियों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर नियमित निगरानी रखने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *