पेशवाई मार्ग के निरीक्षण में ही खुली यातायात व्यवस्था की पोल, वाल्मीकि चौक पर लगा जाम

हरिद्वार। कुंभ में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की पेशवाई के लिए प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे मेला प्रशासन और अखाड़े के सचिव के सामने ही वाल्मीकि चौक पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। निरीक्षण दल के पहुंचते ही वाहनों का दबाव बढ़ा और देखते ही देखते चौक पर जाम लग गया। स्थिति बिगड़ती देख सीओ ट्रैफिक बिपेन्द्र सिंह खुद मोर्चे पर उतर आए और पुलिसकर्मियों के साथ यातायात संभालते हुए जाम खुलवाया।

पेशवाईयों को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की पेशवाई के प्रस्तावित मार्ग का मेला प्रशासन और अखाड़े के सचिव श्री महंत राम रतन गिरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों, रथों, हाथियों और झांकियों की आवाजाही को देखते हुए मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

परंपरानुसार श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की पेशवाई एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर, गोविंदपुरी से शुरू होकर निरंजनी अखाड़ा परिसर स्थित छावनी स्थल तक पहुंचेगी। टीम ने गोविंदपुरी से रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा, बाबा रामदेव पुलिया, झंडा चौक, बंगाली मोड़, शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक, वाल्मीकि चौक होते हुए निरंजनी अखाड़ा मार्ग और छावनी स्थल तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मार्ग की चौड़ाई, पेड़, विद्युत लाइन और अन्य उपयोगिता सेवाओं, प्रकाश व्यवस्था, यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी संभावित बाधाओं को चिह्नित किया गया। पेशवाई में शामिल होने वाले रथों, हाथियों, ध्वजों, धार्मिक प्रतीकों और झांकियों की ऊंचाई एवं संख्या को ध्यान में रखते हुए मार्ग की भौतिक स्थिति भी देखी गई। अखाड़े के सचिव श्रीमहंत राम रतन गिरी ने कहा कि पेशवाई कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ रथ, हाथी, ध्वज और झांकियां शामिल होती हैं। इसलिए मार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कुंभ की तैयारियों में मेला प्रशासन को अखाड़ों की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैंथोला, सीओ कुंभ उमेश मलिक, सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव समेत मेला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह गिल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पेशवाई मार्ग और छावनी से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए समेकित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था को समय से पूरा करने को कहा। साथ ही मार्ग में आने वाली संभावित बाधाओं को चिह्नित कर उनका समय से निराकरण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *