हरिद्वार: ज्वालापुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर यात्रियों को अब इंतजार के लिए सड़क किनारे खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। सेंट मैरी स्कूल के पास नगर निगम ने प्रतीक्षालय बनाया है। मंगलवार को मेयर किरण जैसल और मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने इसका उद्घाटन किया। पार्षद अनुज सिंह की पहल पर बनी इस सुविधा से यात्रियों को धूप और बारिश से बचाव के साथ बैठने की जगह मिलेगी। मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य करा रहा है। आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्रयासरत है। सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं उपयोगी साबित होती हैं।
प्रतीक्षालय निर्माण की पहल
पार्षद अनुज सिंह ने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों और राहगीरों को इंतजार के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रतीक्षालय निर्माण की पहल की गई। नगर निगम के सहयोग से यह सुविधा उपलब्ध हो सकी है। उन्होंने कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
इस मौके पर सचिन वर्मा, प्रदीप बंसल, टेक चंद अरोड़ा, ललित नाथ, जितेंद्र नाथ, गौरव शर्मा, नीरज, सुभाष चंद्र, सचिन कुमार, जसप्रीत सिंह, रवि पाहवा, सनी सिंह, प्रेमचंद दीवान, हर्षवर्धन नाथ और सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।