हरिद्वार। ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंजनहेड़ी और फेरुपुर में छापेमारी के दौरान (Caught electricity theft in 19 houses) 19 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। अचानक छापेमारी की कार्रवाई क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। सभी 19 आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार को उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पंजनहेड़ी में 10 और फेरुपुर में 9 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम ने सभी मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई की है।
ईई आशुतोष तिवारी ने बताया कि राजस्व वसूली में सुधार, बिजली चोरी पर अंकुश और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता वरुण पंवार, अनीता, विजिलेंस टीम के सहायक अभियंता अनिल, अजय, इंस्पेक्टर मारुत शाह और संजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।