विनोद आर्य के घर का घेराव करने पहुंचीं महिला कांग्रेस नेत्रियां, पुलिस से नोकझोंक

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आर्य नगर स्थित पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य के आवास का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

धक्का–मुक्की के बीच ज्योति रौतेला और महिला नेत्री पूनम भगत सड़क पर गिर गईं। पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित की। विनोद आर्य के आवास के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था जैसे ही महिला कांग्रेस की नेत्रियां और कार्यकर्ता आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। प्रदर्शनकारियों ने विनोद आर्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन और पुलिस से नोकझोंक: ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक कर अंकिता का चरित्र हनन करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद इस तरह चैट सार्वजनिक करना निजता का उल्लंघन है। उन्होंने विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई में महिला कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।

चैट सार्वजनिक करने पर उठे सवाल: गौरतलब है कि रविवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य मीडिया के सामने आए थे और उन्होंने मामले से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं। जिसके बाद सोमवार को जहां पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने अंकिता के परिवार के समर्थन में नगर कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया था। वहीं मंगलवार को महिला कांग्रेस के घेराव और प्रदर्शन से मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया।

प्रेसवार्ता में पक्ष रखेंगी ज्योति रौतेला: ज्योति रौतेला ने बताया कि वह प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष भी रखेंगी। इस दौरान महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव नलिनी दीक्षित,पूनम भगत, दीपिका गुप्ता, उर्मिला थापर, रेखा ढींगरा, अंशुल त्यागी, निधी नेगी, जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, वरुण बालियान, वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा, राजीव चौधरी,रवीश भटीजा, पार्षद सुनील, कैश खुराना, अरुण चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, पुनीत कुमार,अकरम अंसारी, तरुण व्यास, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *