उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया

हरिद्वार। छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह धर्मनगरी के गंगा घाटों पर आस्था और भक्ति का सैलाब देखने को मिला। इस दौरान व्रतियों ने गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया और खरना के बाद शुरू हुए 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया गया।

रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह व्रतियों ने उगते सूर्य की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सोमवार को छठ पूजा के अंतिम दिन तड़के से ही हरिद्वार, कनखल, ज्वालापुर और बहादराबाद समेत आसपास के गंगा घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

व्रती पारंपरिक तरीके से बांस के सूप और दौरे में पूजा की सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचे। इसमें नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, सिंघाड़ा, मौसमी फल, ठेकुआ, चावल के लड्डू, गुड़, फूल, दीपक और धूप समेत अन्य पूजन सामग्री शामिल रही। गंगा के जल में खड़े होकर व्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मान्यता है कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। सूर्यदेव को ऊर्जा, आरोग्य और जीवन का आधार माना जाता है। ऐसे में व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के सदस्यों की खुशहाली, संतान की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की। छठ पूजा की यह परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आस्था, संयम और समर्पण का संदेश देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *