हरिद्वार। गंगा घाटों पर फूल-प्रसाद, बिंदी और चूड़ी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले लघु व्यापारियों ने कुंभ मेले से पहले वेंडिंग जोन स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार को ललतारों घाट पर प्रदर्शन किया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में व्यापारियों ने विष्णु सेतु से ललतारों घाट तक वेंडिंग जोन बनाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर निगम ने वर्ष 2018 में गंगा घाटों पर स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कराया था।
सर्वे सूची के अनुसार पंजीकृत सभी लघु व्यापारियों को उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के तहत स्वरोजगार के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।संजय चोपड़ा ने कहा कि व्यापारी वर्षों से व्यवस्थित वेंडिंग जोन की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की लापरवाही से उन्हें उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही व्यापारियों को संगठित कर नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालो में कामिनी मिश्रा, बबीता देवी, इंदिरा देवी, सुनीता चौहान, पुष्पा दास, सुमित्रा, मंजू पाल, सीमा, आशा, आदेश गुप्ता, मोहनलाल, ओमप्रकाश, चंदन दास, गोपाल कृष्ण, प्रभात, वीरेंद्र, राजू और चंदन रावत आदि शामिल रहे।