हरिद्वार। आत्मनिर्भर भारत अभियान को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे महिला समूहों को प्रोत्साहन देने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने आकांक्षा हाट का संयुक्त निरीक्षण किया। सीसीआर टावर के सामने नीति आयोग के ‘संपूर्णता अभियान के तहत लगे इस हाट में अधिकारियों ने महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली और उनकी सराहना करते हुए पहाड़ी टोपी भी खरीदी।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने हाट में लगे प्रत्येक स्टाल पर जाकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि महिला समूहों की यह पहल जनपद को एक नई पहचान दे रही है। एसएसपी डोबाल ने भी महिला समूहों के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने बताया कि आकांक्षा हाट 28 जुलाई से 2 अगस्त तक संचालित होगा।
अब तक तीन दिनों में 1 लाख 935 रुपये की बिक्री हो चुकी है, जो स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस हाट के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जो आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर सचिव एचआरडीए मनीष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सहायक परियोजना निदेशक ललिनी घिल्डियाल, डीपीएम संजय सक्सेना सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।