हरिद्वार। हरिद्वार में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडल और आईएफएडी टीम ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत संचालित ग्रामीण उद्यम इकाइयों का निरीक्षण किया। टीम ने महिला उद्यमियों के कार्यों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास की दिशा में अहम पहल बताया। बहादराबाद के सरस विपणन केंद्र में स्थापित वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट यूनिट का प्रतिनिधिमंडल ने भौतिक भ्रमण किया।
प्रतिनिधिमंडल में फातेमा अलमुल्ला, शथा अलअयदारूस और क्रिस्टोफर हैमेल शामिल रहे, जो यूएई के प्रेसिडेंशियल कोर्ट स्थित इंटरनेशनल अफेयर्स ऑफिस से संबद्ध हैं। भ्रमण मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान आईएफएडी टीम ने दोनों इकाइयों की उत्पादन प्रक्रिया, विपणन व्यवस्था और परियोजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
टीम ने उद्यम इकाइयों के संचालन और नवाचार आधारित कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने उनके प्रयासों की सराहना की।
उद्यमियों ने परियोजना से जुड़े आर्थिक और सामाजिक बदलावों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल से उन्हें स्वरोजगार, आय वृद्धि और सामाजिक आत्मविश्वास मिला है। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर महेंद्र सिंह यादव, एमसीएफ टीम से अनमोल जैन, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना, सहायक प्रबंधकगण, विकासखंड स्तरीय रीप व एनआरएलएम स्टाफ तथा सीएलएफ पदाधिकारी उपस्थित रहे।