हरिद्वार। हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर धर्म की आड़ में लोगों से ठगी करने वाले ढोंगियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाते हुए 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को ऑपरेशन कालनेमि के तहत गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में कोतवाली नगर प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट और आसपास के घाटों पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान धर्म की आड़ में लोगों को गुमराह करने वाले, बिना पहचान पत्र के रह रहे और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 27 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के फिंगरप्रिंट लेकर उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई ढोंगी बाबा या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि सर्वानंद घाट, हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर ऐसे ढोंगियों और बहुरूपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।