हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में इंडेन गैस एजेंसी पर पिछले तीन दिनों से एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार, रविवार और सोमवार को बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर लेकर आने वाले वाहन एजेंसी तक नहीं पहुंचे, जिसके चलते करीब 1500 सिलेंडरों का बैकलॉग खड़ा हो गया है। सोमवार को भी सप्लाई नहीं होने से एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं।
लोग घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर रहे। हालात यह हैं कि शहर की अन्य गैस एजेंसियों पर भी सिलेंडर के लिए लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। खाड़ी में युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच गैस सप्लाई पर असर पड़ने से संकट और गहरा गया है। वहीं दूसरी ओर, हाल के दिनों में गैस बुकिंग में भारी बढ़ोतरी के चलते मांग तेजी से बढ़ी है, लेकिन सप्लाई घटने से स्थिति गंभीर बन गई है।
उत्तरी हरिद्वार में रोजाना करीब 500 सिलेंडरों की मांग बनी हुई है, जबकि एजेंसी पर 3000 से अधिक सिलेंडर पहले से बुक हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। तीन दिनों से सप्लाई पूरी तरह ठप होने के कारण लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।