युवकों पर फायरिंग करने में बाज गैंग के दो नाबालिग सहित पांच पकड़े

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे युवकों से मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो किशोरों को संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और तीन चाकू बरामद हुए हैं। सभी आरोपी बाज नाम से सोशल मीडिपा ग्रुप से जुड़े थे और अवैध हथियारों के दम पर वर्चस्व दिखाते थे। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रोशनाबाद पुलिस मुख्यालय में बताया कि 21 अप्रैल की रात बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हन्नी (पुत्र टेकचंद, आर्यनगर) और उसका दोस्त वंशु (पुत्र सुरेंद्र, पाठी बाजार ज्वालापुर) पर हमला हुआ था। फायरिंग में वंशु के दाहिने हाथ में गोली लगी।

22 अप्रैल को हन्नी की तहरीर पर 8-10 युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। रानीपुर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार रात फरहान (मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर), अनमोल उर्फ धीरेंद्र बक्शी (अहबाबनगर, बिष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर) और सागर उर्फ पहाड़ी (चोर गली, सुभाषनगर ज्वालापुर) को गिरफ्तार किया जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। फरहान और अनमोल से एक-एक तमंचा व कारतूस, सागर और दोनों किशोरों से चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर बाज नाम से ग्रुप बनाया था। गैंग लोगों को डराने-धमकाने और अपना दबदबा बनाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल करता था।

वंशु पहले से दर्ज एक मामले में गवाह था जिससे रंजिश चल रही थी। घटना के दिन आरोपी अपने साथियों नोमान कुरैशी, सत्यम, उमर गुर्जर, नितिश, मुकुल और भानु प्रताप गोयल के साथ फाउंड्री गेट के पास खड़े थे। वंशु और हन्नी को रोककर पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया जो मारपीट में बदल गया। इसके बाद फरहान, अनमोल और नितिश ने तमंचों से फायरिंग कर दी, जिसमें वंशु घायल हो गया। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *