किशोरी से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी पहले ही जा चुका जेल

हरिद्वार। लक्सर के खानपुर क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीती 29 अप्रैल को दर्ज हुए इस संगीन अपराध ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया था। तहरीर के अनुसार, 15 वर्षीय किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने थाना परिसर में धरना प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, अन्य दो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहे। पुलिस की सक्रियता और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार दोनों को उत्तर प्रदेश सीमा के पास खुशीपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रासिम (21 वर्ष) और रिहान (18 वर्ष), दोनों निवासी जोग्गावाला, खानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर चालान कर दिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर दो दिन पहले ही थानाध्यक्ष और दो सिपाहियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया था। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों को लेकर वह पूरी तरह गंभीर है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह गिरफ्तारी न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम है बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *