हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में हाथियों के झुंड की चहलकदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें जंगल का मनमोहक दृश्य और हाथियों की स्वाभाविक गतिविधियां लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चीला रेंज के मोटर मार्ग पर हाथियों का झुंड आराम से सड़क पार करता नजर आ रहा है। हाथियों की यह चहलकदमी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर ली।
दूसरा वीडियो जंगल सफारी के दौरान एक पर्यटक ने अपने कैमरे से बनाया गया है, जिसमें हाथियों का झुंड जंगल के अंदर घुमता दिखाई दे रहा है। यह दृश्य इतना नजदीक और जीवंत है कि दर्शकों को प्राकृतिक वातावरण का वास्तविक अनुभव कराता है। इस वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और लगातार साझा कर रहे हैं।
रेंजर की अपील: वन्यजीव प्रेमियों के साथ-साथ आम लोग भी इन दुर्लभ पलों को देखकर रोमांचित हो रहे हैं। चीला रेंज के रेंजर दीपक रावत का कहना है कि चीला रेंज में हाथियों की सक्रियता सामान्य है, लेकिन इस तरह के दृश्य कम ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि जंगल सफारी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।