जिला चयन समिति की बैठक में 10 आवेदन का हुआ चयन

हरिद्वार।  रोशनाबाद स्थित विकास भवन सभागार में पर्यटन विभाग की ओर से वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जिला चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए आवेदकों के साक्षात्कार लिए गए। योजना के तहत वाहन मद में नौ और गैर वाहन मद में दो आवेदन प्राप्त हुए थे। जिला अनुश्रवण समिति के समक्ष सभी आवेदन प्रस्तुत किए गए।

निरीक्षण और परीक्षण के बाद समिति ने वाहन मद में नौ और गैर वाहन मद में एक आवेदन को स्वीकृति प्रदान की, जबकि एक आवेदन पात्रता पूरी न होने पर निरस्त कर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल को निर्देश दिए कि स्वीकृत आवेदन पत्रों को संबंधित बैंकों को तत्काल भेजा जाए। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक को भी समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाए। साथ ही अधिकारियों को जनता के बीच स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि योजना के तहत वाहन संबंधी और गैर वाहन संबंधी कई गतिविधियों को शामिल किया गया है।

इनमें होटल, फास्ट फूड सेंटर, योग एवं ध्यान केंद्र, साहसिक पर्यटन, हस्तशिल्प केंद्र, तंबू आवास, बेकरी, लॉन्ड्री, कयाकिंग, कारवां पर्यटन और ट्रेकिंग उपकरण किराये पर देने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *